Latest News

पीवी ऐप के खिलाफ पटवारियों का हल्लाबोल: धरमजयगढ़,मेंअनिश्चित कालीन कलमबंद हड़ताल, सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

तकनीकी-व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के बजाय कार्रवाई का आरोप; निलंबन, तबादले और नोटिस से नाराज पटवारी संघ

वेतन विसंगति और पदोन्नति का मुद्दा भी गरमाया, संघ ने कहा—लंबित मांगों पर अब ठोस फैसला करे शासन

धरमजयगढ़/रायगढ़। छत्तीसगढ़ में पीवी ऐप के माध्यम से कराए जा रहे फसल के भौतिक सत्यापन को लेकर पटवारियों और शासन के बीच विवाद गहराता दिखाई दे रहा है। पीवी ऐप की कथित तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का समाधान नहीं होने, पटवारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई तथा वर्षों से लंबित वेतन विसंगति और पदोन्नति की मांग को लेकर राजस्व पटवारी संघ धरमजयगढ़ के पटवारी 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर चले गए हैं।राजस्व पटवारी संघ धरमजयगढ़ के अध्यक्ष बालमकुंद सारथी की ओर से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), धरमजयगढ़ को इस संबंध में सूचना देते हुए मांगपत्र की प्रतिलिपि भी सौंपी गई है।संघ का कहना है कि पीवी ऐप के माध्यम से फसल के भौतिक सत्यापन के दौरान सामने आ रही विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं के संबंध में पूर्व में भी ज्ञापन देकर शासन और संबंधित विभाग को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्याओं का कोई ठोस और व्यावहारिक समाधान नहीं किया गया।

ऐप की समस्या दूर नहीं हुई, उल्टे पटवारियों पर कार्रवाई का आरोप

ज्ञापन में संघ ने आरोप लगाया है कि पटवारियों के पास पहले से राजस्व से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य हैं। इसके बावजूद पीवी ऐप से संबंधित समस्याओं के बीच कार्य कराया जा रहा है। ऐप का बहिष्कार किए जाने के बाद विभिन्न जिलों में पटवारियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की गई।संघ के मुताबिक बलौदाबाजार तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पदाधिकारियों एवं अन्य पटवारियों के स्थानांतरण और कारण बताओ नोटिस जैसी कार्रवाई की गई, जबकि महासमुंद जिले में पटवारियों के निलंबन की कार्रवाई हुई। इसे लेकर पटवारी संघ में भारी नाराजगी है।संघ का सवाल है कि यदि ऐप में व्यावहारिक और तकनीकी दिक्कतें हैं तो उनका समाधान करने के बजाय कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों की जा रही है?

वेतन विसंगति और पदोन्नति का मामला भी उठाया

पीवी ऐप का विवाद ही नहीं, पटवारी संघ ने अपनी वर्षों से लंबित वेतन विसंगति और पदोन्नति की मांग को भी प्रमुखता से उठाया है। संघ ने शासन से इन मांगों पर तत्काल सकारात्मक पहल करने और इन्हें लंबे समय तक लंबित रखने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की मांग की है।पटवारी संघ का कहना है कि कर्मचारियों की जायज मांगों को लगातार लंबित रखना उचित नहीं है। सरकार को बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए।

13 अक्टूबर से कलम बंद, राजस्व कामकाज पर पड़ सकता है असर

छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के प्रांतीय निकाय के आह्वान पर धरमजयगढ़ अनुभाग के समस्त पटवारी 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर हैं। ऐसे में हड़ताल लंबी खिंचने पर आम नागरिकों से जुड़े राजस्व कार्य प्रभावित होने की आशंका है।संघ ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि मांगों एवं समस्याओं का निराकरण नहीं होने के कारण यह कदम उठाया गया है और उत्पन्न परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

अब सरकार के रुख पर नजर

पटवारियों की हड़ताल के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या छत्तीसगढ़ सरकार पीवी ऐप की तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं को लेकर पटवारी संघ के साथ बातचीत कर समाधान निकालेगी? साथ ही वेतन विसंगति और पदोन्नति जैसी पुरानी मांगों पर सरकार क्या निर्णय लेती है, इस पर भी पटवारियों की निगाहें टिकी हुई हैं।

Sajal Kumar Madhu

नेटवर्क कवरेज के साथ Navratna Bharat लेकर आता है आपकी लोकल और राष्ट्रीय खबरें—वास्तविक रिपोर्ट, फील्ड रिपोर्टिंग और विशेषज्ञ विश्लेषण।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button