धरमजयगढ़ में चोरों का आतंक मोबाइल दुकान में फिर सेंधमारी, लगातार वारदातों से दहशत में लोग

थाना प्रभारी बोले— कुछ संदिग्ध हिरासत में, जल्द होगा खुलासा
धरमजयगढ़। नगर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लगातार हो रही वारदातों ने आम नागरिकों की नींद उड़ा दी है और अब लोग खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। बीती रात धरमजयगढ़ के मुख्य सड़क स्थित सिविल लाइन चौक में एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। चोर दुकान का ताला तोड़कर मरम्मत के लिए रखे कई मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए,जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन चौक स्थित दीपेश शर्मा की मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में देर रात चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। सुबह आसपास के लोगों ने दुकान का टूटा ताला देखा और तत्काल इसकी सूचना दुकान संचालक को दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान के भीतर रखा सामान गायब मिला, जिसके बाद घटना की सूचना
धरमजयगढ़ थाना को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 4 मई की रात बस स्टैंड स्थित दुर्गा पान ठेला और शिव पटेल के घर में भी चोरी हुई थी, जहां से नगदी रकम और सोने के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। उन मामलों में अब तक पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
लगातार चोरियों से लोगों में आक्रोश
नगरवासियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों से भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते सख्ती की जाती तो चोरों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे और नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए।
थाना प्रभारी ने क्या कहा
इस पूरे मामले में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी। साथ ही नगर में रात्रि गश्त बढ़ाने और गस्ती व्यवस्था को और तेज करने की बात भी कही गई है।



