धरमजयगढ़ के छाल रेंज में हाथी शावक की दर्दनाक मौत, एक माह में तीसरी घटना से मचा हड़कंप

धरमजयगढ़ हेड/धरमजयगढ़ वनमंडल अंतर्गत छाल रेंज के पुसलदा क्षेत्र में एक हाथी शावक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टया शावक की मौत पानी में डूबने से होना बताया जा रहा है। घटना चंद्रशेखरपुर बीट स्थित पुसलदा निवासी बोटलाल राठिया के तालाब की है, जहां शावक का शव मिला।बताया जा रहा है कि हाथी शावक की मां खुद तालाब के बीच से शव को बाहर किनारे तक लेकर आई, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि छाल रेंज में लगभग एक माह के भीतर हाथियों से जुड़ी यह लगातार तीसरी बड़ी घटना है। लगातार हो रही घटनाओं से वन विभाग की कार्यप्रणाली और वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
सूचना मिलते ही वन मंडल अधिकारी, एसडीओ, रेंजर सहित छाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल शावक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



