Latest News

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण 24 जून की ग्राम सभा में होगा पात्र हितग्राहियों का चयन

जानिए कौन होंगे पात्र, किन्हें मिलेगा प्राथमिकता का लाभ और कौन होंगे अपात्र

धरमजयगढ़/रायगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत 24 जून 2026 को आयोजित होने वाली ग्राम सभा में आवासहीन एवं जरूरतमंद परिवारों के चयन की प्रक्रिया की जाएगी। जिला पंचायत रायगढ़ द्वारा जारी पात्रता एवं प्राथमिकता निर्धारण मानदंडों के आधार पर हितग्राहियों का चयन होगा। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अपने दस्तावेजों के साथ ग्राम सभा में उपस्थित होकर अपनी जानकारी का सत्यापन कराएं।

इन परिवारों को मिलेगी प्राथमिकता

ग्राम सभा में ऐसे परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी जो पहली बार आवास योजना का लाभ प्राप्त करेंगे। इसके अलावा दिव्यांग सदस्य वाले परिवार, महिला मुखिया वाले परिवार, आवासहीन (बेघर) परिवार, निराश्रित या विधवा पर आश्रित परिवार, मैला ढोने का कार्य करने वाले परिवार, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) से संबंधित परिवार, बंधुआ मजदूरी से मुक्त कराए गए परिवार, गंभीर बीमारी से प्रभावित परिवार तथा वार्षिक आय ₹20,000 से ₹30,000 के बीच वाले परिवारों को भी प्राथमिकता सूची में शामिल किया जाएगा।

इन परिस्थितियों में नहीं मिलेगा आवास का लाभ

यदि किसी परिवार के पास पक्का मकान, दो से अधिक कमरों वाला मकान, मोटर चालित तीन या चार पहिया वाहन, ट्रैक्टर या अन्य कृषि यंत्र, ₹50,000 से अधिक सीमा वाला किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), सरकारी नौकरी करने वाला सदस्य, पंजीकृत व्यवसाय, ₹15,000 से अधिक मासिक आय, आयकरदाता होने की स्थिति, 2.5 एकड़ या अधिक सिंचित भूमि अथवा 5 एकड़ या अधिक असिंचित भूमि है, तो ऐसे परिवार योजना से अपात्र माने जाएंगे।

इसके अलावा जिन परिवारों को पहले किसी केंद्रीय या राज्य ग्रामीण आवास योजना का लाभ मिल चुका है, जो स्थायी रूप से पलायन कर चुके हैं या जिनके परिवार का मुखिया निधन के बाद कोई वैधानिक उत्तराधिकारी उपलब्ध नहीं है, उन्हें भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

ग्रामीणों से अपील

प्रशासन ने ग्रामीणों से कहा है कि वे पात्रता संबंधी सभी आवश्यक दस्तावेज ग्राम सभा में लेकर आएं, ताकि सही हितग्राहियों का चयन किया जा सके। ग्राम सभा द्वारा सत्यापन के बाद अंतिम सूची तैयार की जाएगी। 24 जून 2026 को होने वाली ग्राम सभा में अवश्य शामिल हों।गलत जानकारी देने पर नाम सूची से हटाया जा सकता है।
सभी प्रमाण संबंधित दस्तावेजों के आधार पर सत्यापित किए जाएंगे।
पात्र परिवारों को पक्का मकान दिलाने के उद्देश्य से ग्राम सभा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए हर ग्रामीण की सहभागिता आवश्यक है।

Sajal Kumar Madhu

नेटवर्क कवरेज के साथ Navratna Bharat लेकर आता है आपकी लोकल और राष्ट्रीय खबरें—वास्तविक रिपोर्ट, फील्ड रिपोर्टिंग और विशेषज्ञ विश्लेषण।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button