95% के साथ चमका धरमजयगढ़ का लाल, संस्कार स्कूल का टॉपर बना दिशांत पटेल – माता-पिता और रायगढ़ का नाम किया रोशन

धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के लिए गर्व का क्षण तब बना जब धरमजयगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत शाहपुर के होनहार छात्र दिशांत पटेल ने सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार 95% अंक हासिल कर इतिहास रच दिया। संस्कार पब्लिक स्कूल, रायगढ़ के इस मेधावी छात्र ने न केवल अपने स्कूल में टॉप किया, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम भी ऊंचा कर दिया।दिशांत पटेल, ग्राम पंचायत शाहपुर के उपसरपंच श्री गजानंद पटेल एवं श्रीमती लक्ष्मीन पटेल के सुपुत्र हैं। बेटे की इस बड़ी उपलब्धि से पूरा परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है, वहीं गांव और क्षेत्र में भी खुशी की लहर दौड़ गई है।

अपनी सफलता का श्रेय देते हुए दिशांत ने विनम्रता के साथ कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, गुरुजनों और निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि आगे चलकर उनका लक्ष्य सिविल सर्विस में जाकर देश सेवा करना है और जीवन में कुछ बड़ा मुकाम हासिल करना है।इस शानदार परिणाम ने एक बार फिर संस्कार पब्लिक स्कूल, रायगढ़ की गुणवत्ता और उत्कृष्ट शिक्षा को साबित कर दिया है। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की मेहनत का ही नतीजा है कि आज उनके छात्र लगातार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।दिशांत पटेल की इस उपलब्धि ने न केवल उनके माता-पिता को गर्व से भर दिया है, बल्कि पूरे धरमजयगढ़ ब्लॉक और रायगढ़ जिले को भी गौरवान्वित कर दिया है। अब हर जुबान पर एक ही नाम है – दिशांत पटेल, जिसने अपने सपनों की उड़ान से इतिहास रच दिया।



