Latest News

रचनात्मकता का रंग, आत्मविश्वास की उड़ान: पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय के समर कैंप में बच्चों ने दिखाई अद्भुत प्रतिभा

धरमजयगढ़। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित समर कैंप का तीसरा दिन उत्साह, उमंग और रचनात्मक गतिविधियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कैंप में शामिल विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।समर कैंप के तीसरे दिन बच्चों ने क्ले आर्ट एवं स्पोकन इंग्लिश जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। क्ले आर्ट के माध्यम से विद्यार्थियों ने मिट्टी से आकर्षक और मनमोहक कलाकृतियां बनाकर अपनी कल्पनाशक्ति एवं सृजनात्मक क्षमता का परिचय दिया। वहीं स्पोकन इंग्लिश सत्र में बच्चों ने विभिन्न रोचक अभ्यासों और संवादों के माध्यम से अपनी अंग्रेजी भाषा दक्षता को निखारा।

प्रातः 8:00 बजे से 10:00 बजे तक आयोजित गतिविधियों के दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की हंसी, ऊर्जा और रचनात्मकता से गुलजार रहा। कैंप के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें निरंतर प्रेरित और प्रोत्साहित किया।विद्यालय के प्राचार्य आदरणीय श्री एच. यू. खान के निर्देशन में बच्चों के लिए पौष्टिक नाश्ते की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे विद्यार्थियों में और अधिक उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर प्राचार्य श्री खान ने विद्यार्थियों को नई-नई गतिविधियों में भाग लेने, अपने कौशल को विकसित करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।समर कैंप बच्चों के लिए सीखने, सृजन करने और अपने व्यक्तित्व को निखारने का एक उत्कृष्ट मंच साबित हो रहा है। विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित यह शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास निर्माण की दिशा में एक सराहनीय पहल बनकर उभर रहा है, जिसकी अभिभावकों द्वारा भी खूब सराहना की जा रही है।

Sajal Kumar Madhu

नेटवर्क कवरेज के साथ Navratna Bharat लेकर आता है आपकी लोकल और राष्ट्रीय खबरें—वास्तविक रिपोर्ट, फील्ड रिपोर्टिंग और विशेषज्ञ विश्लेषण।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button