Latest News

मन की बात के बाद सांसद का लालजीत पर तीखा वार तीन बार के विधायक ने किया अपना विकास, पेट्रोल पंप-मंदिर-तालाब बनाए, जनता के लिए क्या किया।*देखे सांसद का वीडियो*

मुनुंद में सांसद राधेश्याम राठिया ने साधा क्षेत्रीय विधायक पर निशाना, बोले—भाजपा सरकार के विकास कार्यों का श्रेय लेने पहुंच जाते हैं विधायक

धरमजयगढ़/मुनुंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें एपिसोड के प्रसारण को लेकर ग्राम मुनुंद के बूथ क्रमांक 218 में विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व सरपंच एवं वर्तमान टीएसएस मुनुंद के अध्यक्ष पवन कुमार राठिया के निवास पर किया गया। कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति रजनी राठिया, जिला भाजपा उपाध्यक्ष नरेश पंडा, छाल भाजपा मंडल अध्यक्ष डोल नारायण पटेल, छाल भाजपा महामंत्री दिलीप यादव, खगेश्वर राठिया, राजेंद्र ठाकुर, भगवान दास बैरागी, मुकुट राम गुप्ता तथा पूर्व छाल मंडल अध्यक्ष सेवक राम पटेल सहित भाजपा कार्यकर्ता और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की सांसद ने की सराहना

कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए सांसद राधेश्याम राठिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश में तेजी से विकास हुआ है। सांसद ने देश की सुरक्षा व्यवस्था, आतंकवाद और कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश की एकता का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल पर विधायक पर सीधा हमला

विधानसभा चुनाव और आगामी राजनीतिक प्रचार को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद राधेश्याम राठिया ने क्षेत्रीय विधायक पर सीधे तौर पर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व विधायक एवं मंत्री स्वर्गीय चनेश राम राठिया का उल्लेख करते हुए कहा कि वे छह बार विधायक रहे और मंत्री भी रहे।इसके बाद वर्तमान क्षेत्रीय विधायक पर तंज कसते हुए सांसद ने आरोप लगाया कि तीन बार के विधायक लालजीत सिंह राठिया ने अपना विकास किया। पेट्रोल पंप बनाया, मंदिर बनाया और अपने लिए तालाब बनवाया, लेकिन क्षेत्र की जनता के लिए क्या किया।


सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद उनके प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्य स्वीकृत और प्रारंभ हुए हैं, लेकिन जब इन कार्यों का भूमिपूजन या उद्घाटन होता है तो क्षेत्रीय विधायक नारियल फोड़ने पहुंच जाते हैं।

विकास कार्य भाजपा सरकार ने कराया, श्रेय लेने विधायक पहुंच जाते हैं

सांसद के बयान के अनुसार, भाजपा सरकार बनने के बाद क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विधायक पर इन विकास कार्यों का श्रेय लेने का आरोप लगाते हुए तीखा राजनीतिक हमला किया।मुनुंद में सांसद के इस बयान के बाद क्षेत्र की सियासत गरमा गई है। खासकर आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सांसद का यह बयान राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया के इन तीखे आरोपों पर क्षेत्रीय विधायक लालजीत सिंह राठिया की ओर से क्या जवाब सामने आता है। आने वाले दिनों में दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग और तेज होने के संकेत दिखाई दे सकते है।

Sajal Kumar Madhu

नेटवर्क कवरेज के साथ Navratna Bharat लेकर आता है आपकी लोकल और राष्ट्रीय खबरें—वास्तविक रिपोर्ट, फील्ड रिपोर्टिंग और विशेषज्ञ विश्लेषण।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button