युवा मोर्चा की अनुपस्थिति पर नाराजगी की खबर गलत: भाजपा मंडल ने किया स्पष्ट

धरमजयगढ़ मंडल की कामकाजी बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
धरमजयगढ़। मंडल भाजपा धरमजयगढ़ की मासिक कामकाजी बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने शक्ति केंद्र प्रभारियों, मंडल पदाधिकारियों एवं विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों से रूबरू होकर संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। बैठक में शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में शक्ति केंद्र प्रभारियों एवं बूथ प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में संचालित संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी जिला अध्यक्ष के समक्ष रखी। शक्ति केंद्रों की नियमित बैठक, ‘मन की बात’ कार्यक्रम सहित अन्य संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। आगामी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति एवं सक्रियता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
युवा मोर्चा की अनुपस्थिति पर नाराजगी की खबर को भाजपा ने बताया तथ्यहीन
बैठक के बाद कुछ मीडिया संस्थानों में प्रसारित उस खबर को लेकर धरमजयगढ़ मंडल भाजपा ने स्थिति स्पष्ट की है, जिसमें युवा मोर्चा के पदाधिकारियों की अनुपस्थिति पर जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान द्वारा नाराजगी जताए जाने की बात कही गई थी।मंडल भाजपा मीडिया प्रभारी विवेक पाण्डेय ने इस खबर को तथ्यहीन एवं गलत तरीके से प्रसारित बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष द्वारा किसी अनुपस्थित कार्यकर्ता अथवा युवा मोर्चा के पदाधिकारी के प्रति नाराजगी व्यक्त नहीं की गई। बैठक का उद्देश्य किसी पदाधिकारी की अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी जताना नहीं, बल्कि संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और संगठन को और अधिक मजबूत करना था।मीडिया प्रभारी ने बताया कि बैठक में मंडल एवं सभी मोर्चों के कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए जिम्मेदारी सौंपने और अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने पर चर्चा हुई। शक्ति केंद्र, मंडल एवं बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया बैठक के अंत में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प लिया गया।



