धरमजयगढ़ में चोरों का आतंक: एक ही रात चार घरों के टूटे ताले, डॉग स्क्वॉड जांच में जुटा —अब तक पुलिस के हाथ खाली

धरमजयगढ़ न्यूज़ | नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों ने आम नागरिकों को भयभीत कर दिया है। दिन-ब-दिन हो रही घटनाओं से जनआक्रोश भी बढ़ता जा रहा है। बीती रात नीचेपारा और कोदवारी पारा में चार स्थानों पर ताले टूटने की सूचना मिली है। चोरों ने घरों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारियों में रखे सामान, बर्तन सहित अन्य कीमती वस्तुएं पार कर दीं।
नीचेपारा निवासी नरेश अग्रवाल कई दिनों से बाहर थे। घर लौटने पर उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पाया। उसी मोहल्ले के दो अन्य घरों में भी चोरी की वारदात सामने आई है।
वहीं कोदवारी पारा निवासी कन्हैया विश्वकर्मा का परिवार शादी में शामिल होने बिहार गया हुआ था। लौटने पर उनके घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। घर के अंदर रखी आलमारी से नगदी और अन्य सामान गायब पाए गए। उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
नहीं थम रहा वारदातों का सिलसिला
नगर में एक के बाद एक हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। जिले में नए पुलिस अधीक्षक के पदभार संभालने के बाद जहां अन्य क्षेत्रों में धरपकड़ तेज हुई है, वहीं धरमजयगढ़ में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से डीजल चोरी और घरों के ताले टूटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई या गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।
धरमजयगढ़ में लगातार हो रहे चोरी पर जिला पुलिस अधीक्षक करे फ्रेंस कांफ्रेस,अब तक चोरो पर हुए कार्यवाही की दे जानकारी धरमजयगढ़ नगरवासी।
धरमजयगढ़ में बीते दिनों से लगातार चोरों ने गांव सहित नगर के कई स्थानों पर हाथ साफ किए। इनमें दिलीप बिल्डकॉन,बायसी, खरगांव,सिसरिंगा तथा नगर के असलम खान (जो दैनिक लेन-देन का कार्य करते थे) के यहां भी चोरी की घटनाएं शामिल हैं,इसके अलावा और भी कई मामलों में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, फिर भी अब तक कोई बड़ा खुलासा नहीं हो पाया है,गांव से लेकर शहर तक चोरों के आतंक से दहशत का माहौल बना हुआ है। आम नागरिकों का कहना है कि जिला पुलिस अधीक्षक को धरमजयगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अब तक हुई वारदातों की संख्या, की गई कार्रवाई और भविष्य की रणनीति पर स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए, ताकि जनता में विश्वास बहाल हो सके और लोग भयमुक्त महसूस कर सकें।



