धरमजयगढ़ में प्रथम अखिल भारतीय श्री चन्द्रवंशीय राठिया कंवर समाज महासम्मेलन बना सामाजिक चेतना का महासंग्राम#देखे वीडियो

धरमजयगढ़ (रायगढ़)।
अखिल भारतीय श्री चन्द्रवंशीय राठिया कंवर समाज द्वारा समाज को संगठित, सशक्त एवं जागरूक बनाने के उद्देश्य से प्रथम वार्षिक महासम्मेलन वर्ष 2026 का भव्य आयोजन रविवार 18 जनवरी 2026 को मिडिल स्कूल मैदान, बरतापाली (तहसील धरमजयगढ़, जिला रायगढ़) में किया गया। यह महासम्मेलन समाज के सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उत्थान की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुआ।
सम्मेलन में हजारों की संख्या में आदिवासी समाजजन शामिल हुए। रंगारंग आदिवासी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया,कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय श्री दुर्गा प्रसाद राठिया जी (केंद्रीय उपाध्यक्ष – हाटी) रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय श्री लालजीत राठिया जी (विधायक – धरमजयगढ़), श्री तारासिंह राठिया जी (पूर्व अजजा आयोग अध्यक्ष), श्री जनक राम राठिया जी (अध्यक्ष – ठाकुर देव ट्रस्ट), श्रीमती नींबू राठिया जी (अध्यक्ष – जनपद पंचायत, धरमजयगढ़), श्री बलराम राठिया जी (अध्यक्ष – RKVS), श्री मानसिंह राठिया जी (केंद्रीय सचिव), श्री देवसिंह राठिया जी (संभाग अध्यक्ष – धरमजयगढ़), डॉ. श्रीराम राठिया जी (संभाग सलाहकार), श्री मनोहर सिंह राठिया जी (संभाग सचिव) सहित अनेक गणमान्यजन मंचासीन रहे।
उत्कृष्ट समाजसेवियों का सम्मान, प्रेरणा का संदेश
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे ठाकुर देव पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा सम्मेलन का उद्घाटन किया गया। सम्मेलन के दौरान शिक्षा, सामाजिक सेवा, संगठन विस्तार, युवा नेतृत्व एवं सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाज के वरिष्ठजन, युवाओं एवं महिला कार्यकर्ताओं को मंच से शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह ने समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया और युवाओं को समाजहित में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत, समाज की सामाजिक नियमावली का विमोचन, संगठन विस्तार, शिक्षा को प्राथमिकता, युवाओं की भागीदारी तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
गांव-गांव शराबबंदी पर जोर, समाज सुधार का संकल्प
महासम्मेलन में वक्ताओं ने गांवों में शराबबंदी को लेकर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। कहा गया कि नशामुक्त समाज ही शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकता है। आदिवासी समाज को नई दिशा में ले जाकर राष्ट्र निर्माण में और अधिक प्रभावी योगदान देने का आह्वान किया गया।
आयोजकों ने बताया कि यह महासम्मेलन समाज को एकजुट कर नई दिशा देने, युवा नेतृत्व को आगे लाने तथा संगठित शक्ति के माध्यम से सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित किया गया। सम्मेलन से समाज में जागरूकता, एकता और मजबूती का संदेश गया।
समाज के उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का हुआ भव्य सम्मान
महासम्मेलन के दौरान समाज के ऐसे व्यक्तियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने शिक्षा, सामाजिक सेवा, संगठन निर्माण, युवा जागरूकता एवं सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। अतिथियों द्वारा सम्मानित किए जाने पर उपस्थित समाजजनों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे सम्मान से समाज में सेवा भावना को नई ऊर्जा मिलती है।



